ब्रजेश पोरवाल-एडीटर &चीफ टाइम्स ऑफ आर्यावर्त 7017774931
भरथना। भरथना क्षेत्र के नगला केहरी ढकपुरा गांव में शुक्रवार सुबह एक महिला का शव घर के बाहर बनी झोपड़ी में संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी के फंदे पर लटका मिला। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके की जांच कर फॉरेंसिक टीम को बुलाया और साक्ष्य जुटवाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, नगला केहरी ढकपुरा निवासी अवध सिंह की पत्नी प्रीति शुक्रवार सुबह घर से अचानक गायब हो गई थी। काफी तलाश के बाद उसका शव घर के बाहर पशुओं के चारे के लिए बनी झोपड़ी में फंदे से लटका मिला। यह नजारा देख पति अवध सिंह के होश उड़ गए। उसकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी।
पुलिस के साथ मौके पर पहुँची फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल की गहन जांच कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। मृतका के पति अवध सिंह ने पुलिस को बताया कि वर्ष 2018 में उसकी शादी प्रीति से हुई थी। उनके दो बच्चे—बेटा कार्तिक 6 वर्ष और बेटी जानवी 2 वर्ष हैं। उन्होंने बताया कि गुरुवार को ससुराल में एक शादी समारोह में जाने को लेकर दोनों के बीच मामूली कहासुनी हो गई थी। मृतका नहीं जाना चाहती थी, लेकिन जब उसने जोर दिया तो वह झगड़ने लगी। इसके बाद उसने आत्महत्या कर ली।
वहीं, मृतका के मायके पक्ष ने घटना को आत्महत्या नहीं बल्कि हत्या करार दिया है। मृतका के भाई आलोक निवासी रामगढ़ थाना बिधूना तथा बड़ी बहन ने पुलिस को बताया कि शादी के बाद से ही प्रीति को उसके पति द्वारा प्रताड़ित किया जाता था। किसी न किसी बात को लेकर आए दिन विवाद और मारपीट होती थी। उन्होंने बताया कि प्रीति को पति मायके जाने नहीं देता था और छह माह पूर्व भी ऐसी ही स्थिति में डायल 112 की टीम को बुलाना पड़ा था। उस समय पुलिस ने दोनों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया था।
परिजनों ने आरोप लगाया कि “हमारी बहन लगातार उत्पीड़न से परेशान थी। हमें पूरा यकीन है कि उसकी हत्या कर शव को फंदे पर लटका दिया गया है, ताकि मामला आत्महत्या का लगे।”
पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।