इटावा जिले में चंबल और यमुना नदी के जलस्तर में भी तेजी से बढ़ोत्तरी,बचाव कार्य का मॉक ड्रिल शुरू किया

देश और प्रदेश में हो रही बरसात से नदियों का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है

इटावा जिले में चंबल और यमुना नदी के जलस्तर में भी तेजी से बढ़ोत्तरी देखी जा रही है। इस स्थिति को देखते हुए जिले के आपदा प्रबंधन विभाग ने बाढ़ प्रभावित इलाकों में जाकर राहत और बचाव कार्य का मॉक ड्रिल शुरू किया है। इस ड्रिल का उद्देश्य बाढ़ के समय लोगों को सुरक्षित निकालने का अभ्यास कराना और उन्हें आपदा के समय अपना बचाव कैसे करें, इसके प्रति जागरूक करना है।

गौरतलब है कि इटावा में आपदा राहत प्रबंधन विभाग, स्टेट आपदा प्रबंधन विभाग और एनडीआरएफ ने संयुक्त रूप से संभावित बाढ़ प्रभावित इलाकों में आपदा राहत का अभ्यास शुरू कर दिया है। इस अभ्यास में बाढ़ के दौरान पानी में फंसे और डूब रहे लोगों को बचाने का अभ्यास किया गया। इस दौरान डॉक्टर और अन्य विशेषज्ञ भी मौजूद रहे, जिन्होंने बाढ़ से सुरक्षित निकाले गए लोगों के उपचार का अभ्यास किया।

इस मॉक ड्रिल में एक विशेष उपकरण का इस्तेमाल किया गया जिसे HEM रेडियो कहा जाता है। इसकी विशेषता है कि बाढ़ या किसी अन्य दैवीय आपदा के समय जब संचार के सभी साधन अनुपयोगी हो जाते हैं, तब इसके जरिए केंद्रीय और राजकीय आपदा संस्थानों और आसपास के जिलों से संपर्क किया जा सकता है और मदद मांगी जा सकती है।

HEM रेडियो पूरे देश में चुनिंदा लोगों के पास है और इसके लिए सरकार से अनुमति और लाइसेंस लेना पड़ता है। सौभाग्य से इटावा उन चुनिंदा जनपदों में से है जहां रहने वाले शिक्षक मनोज कुमार सिंह के पास HEM रेडियो का लाइसेंस है।

मॉक ड्रिल के दौरान HEM रेडियो का सफलतापूर्वक इस्तेमाल किया गया और इसे भोपाल, छतरपुर और लखनऊ से कनेक्ट किया गया। वहां से मदद के लिए कहा गया, हालांकि बाद में उन्हें अवगत कराया गया कि यह एक मॉक ड्रिल है।

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी अवनीश दुबे ने बताया कि मॉक ड्रिल के दौरान अभ्यास के साथ ही लोगों को भी आपदा के समय कैसे अपना बचाव करें, इसकी भी जानकारी दी गई। जनपद में हुई मॉक ड्रिल के दौरान इटावा जनपद की उच्च स्तरीय तैयारियों की लखनऊ बैठे अधिकारियों ने सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *